महिलाओं के बीच ज़मीन पर बैठीं मरौरी ब्लॉक प्रमुख, सीधे सुनीं जनसमस्याएं

पीलीभीत विकासखंड मरौरी की ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा ने बुधवार को क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों हटुआ, कुरैया, मकतुल, नवदिया सहित अन्य गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को वंचित न रहना पड़े।

सभ्यता देवी वर्मा ने बताया कि विकासखंड मरौरी की ग्राम पंचायत हटुआ, कुरैया, मकतुल, नवदिया सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क, नाली एवं जल निकासी से जुड़े कई विकास कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जलभराव जैसी समस्याओं से भी काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार नई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने भी ब्लॉक प्रमुख का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। महिलाओं ने विशेष रूप से बताया कि ब्लॉक प्रमुख स्वयं गांवों में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनती हैं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से समन्वय स्थापित करती हैं।

ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा महिलाओं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ नारी सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सक्रियता और जनता के सुख-दुख में सहभागिता उन्हें क्षेत्र में एक लोकप्रिय जननेता के रूप में स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और क्षेत्र के प्रत्येक गांव का समान रूप से विकास कराना उनकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!