अज्ञात कारणों से घर में लगी आग, बाइक समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख

संवाददाता अजीम मिर्जा की रिपोर्ट
(पीलीभीत)। ट्रांस शारदा क्षेत्र के ग्राम रामनगर में शुक्रवार सुबह एक गरीब मजदूर परिवार पर अचानक आफत टूट पड़ी। अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में छप्परपोश मकान जलकर राख हो गया। हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, जरूरी दस्तावेज और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह नष्ट हो गई।जानकारी के अनुसार ग्राम रामनगर निवासी रामवीर पुत्र गेंदन लाल के घर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। उस समय रामवीर और उनके परिजन रोज की तरह मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया।ग्रामीणों ने बाल्टियों और हैंडपंप के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन छप्परपोश मकान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में पूरा घर जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।सूचना मिलने पर जब रामवीर मौके पर पहुंचे तो अपने आशियाने की हालत देख बदहवास हो गए। परिवार के सामने अब सिर छिपाने तक का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रामवीर बेहद गरीब परिवार से हैं और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से हादसा हुआ हो सकता है। प्रशासनिक टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किए जाने की बात कही जा रही है।इस घटना से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन को मजबूर हो गया है।
