होली और रमजान को लेकर बिसौली में पुलिस प्रशासन अलर्ट, शहर में फ्लैग मार्च

संवाददाता शिवा नायक की रिपोर्ट

बिसौली (बदायूं)। आगामी होली और माह-ए-रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिसौली में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार और कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च मुख्य बाजार, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक पोस्ट से माहौल खराब न हो।सीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस हर स्तर पर सतर्क है, ताकि दोनों पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!