पूरनपुर संवाददाता अजीम मिर्जा की रिपोर्ट
पूरनपुर (पीलीभीत)।विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत शेरपुर कला में बुधवार को होली का पर्व हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे के साथ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव में लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की मुबारकबाद दी और रंगों में सराबोर नजर आए।
शेरपुर कला में होली खेलने की एक अनूठी परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जो आज भी कायम है। यहां होली के अवसर पर निकलने वाली धमाल में मुस्लिम समाज के लोग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। जब धमाल गांव में निकलती है तो वह मुस्लिम समुदाय के घरों के दरवाजों तक पहुंचती है, जहां लोग ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर फाग और धमाल करते हैं। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग खुशी-खुशी धमाल में शामिल लोगों को फागुआ देकर सम्मानित करते हैं।ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा नवाब शमशुल हसन खान के समय से चली आ रही है और आज भी उसी उत्साह के साथ निभाई जा रही है। यही वजह है कि शेरपुर कला की होली आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी रहती है और लोग यहां की हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देते हैं।बुधवार को गांव में निकली होली की धमाल घनाराघाट स्थित होली चौराहा से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पुनः होली चौराहा पर आकर संपन्न हुई। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने हिंदू भाइयों के घर पहुंचकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान हाजी रियाजत, नूर खान, तकी खान, अमानत रसूल, रामदीन भारती, कार्यवाहक प्रधान जावेद खान, पूर्व प्रधान हाजी फैय्याज अहमद खान, हसीब खान, बंटी कोतवाल सहित कस्बा इंचार्ज सागर कुमार, सब इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार, जसवंत सिंह, कांस्टेबल मोनी कुमार, कांस्टेबल ऋषिपाल सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
