रामनगर संवाददाता रमेश वर्मा की रिपोर्ट
जनपद बरेली के विकासखंड रामनगर क्षेत्र के गांव नवाबपुरा में एक दर्दनाक हादसे ने होली की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाइक से पेट्रोल निकालते समय अचानक आग लगने से ढाई साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोग झुलस गए। इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई, जबकि दंपति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।जानकारी के अनुसार गांव नवाबपुरा निवासी लालजीत बुधवार को अपने घर पर खड़ी बाइक की टंकी से पाइप के जरिए पेट्रोल निकाल रहे थे। उसी समय उनकी पत्नी सुमन घर के अंदर गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं और उनकी करीब ढाई साल की बेटी नित्या पास में ही बैठी हुई थी।बताया जा रहा है कि जब लालजीत बाइक की टंकी से पाइप खींच रहे थे तभी अचानक झटके से पेट्रोल छलककर पास में जल रहे गैस चूल्हे पर गिर गया। पेट्रोल गिरते ही आग ने तुरंत भयानक रूप ले लिया और तेज लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में मासूम नित्या आ गई।अपनी बेटी को आग में घिरा देख माता-पिता उसे बचाने के लिए बिना अपनी परवाह किए आग में कूद पड़े। इस दौरान बच्ची समेत लालजीत और उनकी पत्नी सुमन भी गंभीर रूप से झुलस गए। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिसौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान देर शाम ढाई साल की मासूम नित्या ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।फिलहाल लालजीत और उनकी पत्नी सुमन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
