धर्मपाल सिंह की ब्यूरो रिपोर्ट
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय, राज्य व जिला मार्गों को रात्रि में पूर्ण रूप से बंद करने के आदेश के विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने इस आदेश को जनसामान्य के लिए गंभीर समस्या बताते हुए इसे वापस लेने या इसमें व्यावहारिक संशोधन करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि जनपद के प्रमुख संपर्क मार्ग — पूरनपुर–पीलीभीत मार्ग (आसाम मार्ग), पूरनपुर–खटीमा मार्ग तथा पीलीभीत–माधोटांडा मार्ग — जिले के अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग हैं। इन रास्तों से जनपद मुख्यालय का संपर्क प्रदेश की राजधानी लखनऊ, नेपाल सीमा तथा उत्तराखंड की अंतरराज्यीय सीमा से होता है।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इन्हीं मार्गों के जरिए पर्यटक शारदा डैम, टाइगर सफारी क्षेत्र, मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस सहित विभिन्न रिसॉर्ट और होटलों तक पहुंचते हैं। इसके अलावा श्रद्धालु मां गोमती उद्गम स्थल, बाराही मंदिर तथा उत्तराखंड में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि मंदिर, नानकमत्ता गुरुद्वारा, रीठा साहिब गुरुद्वारा, गोल्ज्यू मंदिर, मायावती आश्रम तथा ओम पर्वत की यात्रा भी इन्हीं रास्तों से करते हैं
ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा रात्रिकाल में इन मार्गों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के आदेश से संबंधित बताया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि न्यायालय और प्रशासन का पूरा सम्मान है, लेकिन इस निर्णय से किसान, व्यापारी, छात्र, नौकरीपेशा लोग, पर्यटक और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नेताओं का कहना है कि रात में मार्ग बंद होने से क्षेत्र में असुरक्षा और भय का माहौल बन रहा है। साथ ही कृषि कार्य, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आवागमन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से आम लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रात्रिकालीन पूर्ण प्रतिबंध के आदेश को वापस लेने या उसमें व्यावहारिक संशोधन कराने की मांग की, ताकि वन्यजीव संरक्षण और आम जनता की सुविधा — दोनों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके।इस दौरान जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार, जिलाध्यक्ष पंचायत प्रकोष्ठ एवं पूर्व प्रत्याशी विनोद कुमार भारती, नगर अध्यक्ष युवा इकाई राघव गिहार, प्रवेश, संजय, इंदरजीत, रिंकू दिवाकर, मनोज, सूरज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
