भारत ने रचा इतिहास: टी20 विश्व कप फाइनल में बनाया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर

कार्यालय ब्यूरो रिपोर्ट टीवी 1 न्यूज़ नेटवर्क

अहमदाबाद में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 255/5 रन बनाकर टीम इंडिया ने बनाया नया रिकॉर्ड, संजू सैमसन की 89 रनों की शानदार पारी

अहमदाबाद। टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारत ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। भारत ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाते हुए न्यूज़ीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे, जिससे भारत बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

भारतीय टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भी तेजी से रन बनाते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। पूरी टीम की आक्रामक बल्लेबाजी के चलते भारत ने 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है।

इससे पहले टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर 176/7 था, जो भारत ने ही वर्ष 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। अब भारत ने अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला बेहद रोमांचक बन गया है, क्योंकि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना न्यूज़ीलैंड के लिए आसान नहीं होगा। अब सभी की निगाहें न्यूज़ीलैंड की बल्लेबाजी पर टिकी हुई हैं कि वह इस विशाल लक्ष्य का सामना किस तरह करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!