बिल्सी संवाददाता सूरज सागर की रिपोर्ट
(बदायूं)। नगर बिल्सी के वार्ड नंबर 5 के सभासद और भाकियू हलधर के जिला प्रभारी एडवोकेट शाहनवाज़ अल्वी के साहबगंज स्थित आवास पर रविवार को रोज़ा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों हिंदू-मुस्लिम लोगों ने एक साथ सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार किया और देश में अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी।

एडवोकेट शाहनवाज़ अल्वी ने बताया कि रमज़ान का महीना मुस्लिम समाज के लिए इबादत और रहमतों का महीना होता है। इफ्तार जैसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, सौहार्द और आपसी एकता को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों के बीच प्रेम और सद्भाव बढ़ता है।
इफ्तार कार्यक्रम में नगर की चेयरमैन श्रीमती ज्ञान देवी सागर, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर, सपा जिला सचिव रईस अहमद, सरताज अल्वी बाबा, फिरासत खान, शाकिर गौरी, इकरार कस्सार, सुनील सागर, भाकियू हलधर के जिलाध्यक्ष राहुल सोलंकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा विभिन्न मस्जिदों के हाफिजों में हाफिज रऊफ (आयशा मस्जिद), हाफिज उस्मान (नूरी मस्जिद), हाफिज असरारुल हक (जामा मस्जिद) और हाफिज शाह मोहम्मद (कोठी वाली मस्जिद) सहित नगर के कई सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में खैरी, बहटा गुसाईं, उलइया, खुलेट, गुधनी और उघैती समेत आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभी ने देश की तरक्की, अमन और भाईचारे की दुआ की।
